इस समय यूएई में खेले जा रहे IPL 2020 में दिल्ली कैपिटल्स की टीम अपने प्रदर्शन से सभी को हैरान कर रही है। युवाओं से सजी ये टीम इस सीजन बेहतरीन प्रदर्शन कर फैंस का दिल जीत रही है। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली दिल्ली कैपिटल्स ने इस सीजन 7 मुकाबले खेले है और 5 में जीत हासिल की है। दिल्ली कैपिटल्स की टीम अभी तक पॉइंट्स टेबल में पहले स्थान पर मौजूद थी लेकिन रविवार को मुंबई इंडियंस के हाथों मिली सीजन की दूसरी हार के बाद वह दूसरे स्थान पर खिसक गयी है।
दिल्ली कैपिटल्स ने मुंबई के खिलाफ पिछले मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 162-4 का स्कोर बनाया था। इस दौरान शिखर धवन ने 69 और श्रेयस अय्यर ने 42 रनों की पारियां खेली थी, लेकिन चोटिल रिषभ पंत के इस मैच में न खेल पाने के कारण टीम अधिक बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी। मुंबई इंडियंस ने इस स्कोर को 19.4 ओवर में क्विंटन डी कॉक (53) और सूर्यकुमार यादव (53) की अर्द्धशतकीय पारियों की बदौलत आसानी से हासिल कर लिया।
- IPL 2020: सूर्यकुमार यादव वर्ष के अंत तक कर लेंगे भारतीय टीम में डेब्यू: आकाश चोपड़ा
- धोनी की बेटी जीवा को धमकी देने वाला 16 वर्षीय युवक पुलिस की गिरफ्त में
मैच के बाद दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने बताया कि विकेटकीपर बल्लेबाज रिषभ पंत शुक्रवार को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच के दौरान चोटिल हो गए थे और हैमस्ट्रिंग इंजरी के कारण अब वे कम से कम एक सप्ताह तक क्रिकेट नहीं खेल पायेंगे।
“मुझे इसका कोई अंदाजा नहीं है कि रिषभ पंत की वापसी कब तक होगी। मैंने डॉक्टर से इस बारे में बात की है और उन्होंने रिषभ पंत को कम से कम एक सप्ताह तक आराम करने की सलाह दी है। मुझे उम्मीद है की पंत जल्दी ही मजबूत वापसी करेंगे,” दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा।
ऋषभ पंत से पहले स्पिन गेंदबाज अमित मिश्रा भी IPL 2020 से चोट के चलते बाहर हो चुके है, और दिल्ली कैपिटल्स ने अभी तक किसी भी अन्य खिलाड़ी को उनकी जगह टीम में शामिल नहीं किया है। दिल्ली कैपिटल्स का अगला मुकाबला अब 14 अक्टूबर को राजस्थान रॉयल्स के साथ होगा।